छिंदवाड़ा (चौथा स्तंभ ) जिलें की पुलिस अब एक्शन में नजर आ रही है अभी तक सीट बेल्ट और दस्तावेज न होने पर यातायात पुलिस कार्यवाही कर रही थी लेकिन काली फिल्म लगाकर धूम रहे कार सवारों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी, एसपी निवेदिता गुप्ता के निर्देश के बाद पुलिस एक्शन में देख रही है और जिलें के सभी थानों की पुलिस काली फिल्म लगी कारों पर कार्यवाही करती देख रही है इसके अलावा सडकों पर फर्राटा भरती तेज आवाज वाली बुलेट सवारों पर सख्ती बरती जा रही है….

43 वाहनो (कार) के काँच से निकाली काली फिल्म,
08 बुलेट मोटर सायकिल से मोडिफाईड सायलेंसर निकाले,
मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत् 146 वाहन चालको पर कार्यवाही,..
यातायात उप पुलिस अधीक्षक श्री रामेश्वर चौबे ने बताया..

जिलें के यातायात उप पुलिस अधीक्षक श्री रामेश्वर चौबे ने बताया कि शहर की सडक़ों पर काली फिल्म लगी कार और राज्य से बाहर के नम्बर प्लेट वाले वाहन अधिक दिखाई दे रहे हैं, ऐसे वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा हैं । अभियान में थानों की पुलिस और यातायात टीम ने आज दिनांक 16/08/25 को 43 कार (वाहनो) के काँच में लगी काली फिल्म निकालकर 21,500/- (इक्कीस हजार पाँच सौ रुपये), दो पहिया बुलेट वाहन में मोडिफाईड सायलेंसर में 08 मो.साय. पर 8,000/- रुपये, बिना हेलमेट व अन्य वाहनो की चैकिंग कर 95 वाहनो पर 42,100/- ( बयालीस हजार एक सौ रुपये), इस प्रकार कुल 146 वाहनो पर कुल 71,600/- (इकहत्तर हजार छः सौ रुपये) समंस शुल्क राशि वसूल कर चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई हैं, इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा पिकअप वाहन ट्रैक्टर, इत्यादि वाहनों पर रिफ्लेक्टर रेडियम भी लगाए जा रहे हैं!!

कारों के काँच पर ब्लैक फिल्म लगवाना की क्यों हैं मनाही ..
कारों के ग्लास पर ब्लैक फिल्म लगाने पर रोक लगाने के पीछे का मकसद अपराध को कम करना या फिर अपराधियों की पहचान करना हैं, कारों के ग्लास पर ब्लैक फिल्म लगी होने के बाद पुलिस को या किसी भी व्यक्ति को कार के अंदर बैठे व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाती हैं, ऐसे में अगर कोई अपराधी कार के अंदर किसी अपराध को अंजाम दे रहा हो या फिर कोई शातिर अपराधी कार में बैठकर फरार हो रहा हो तो किसी को पता नहीं चल पाता, ब्लैक फिल्म कोटेड कारों का इस्तेमाल अक्सर अपराध को अंजाम देने के लिए किया जाता रहा हैं, फलस्वरुप उच्चतम न्यायालय द्वारा भी इसके खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिये हैं ।

आगे भी अभियान निरन्तर जारी रहेगा..
यातायात टीम और थानों की पुलिस द्वारा अभियान चलाकर प्रत्येक दिन शहर की सडक़ों पर घूम रही काली फिल्म लगी कारों के चालकों पर कार्रवाई करेगी। पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा द्वारा वाहन चालकों से अपील की गई हैं कि वे यातायात नियमों का पालन करें और कार्रवाई से बचने के लिये स्वयं ही कार के शीशों से काली फिल्म हटा लें

