महिला एवं बाल विकास विभाग में शर्मनाक आरोप
महिला कर्मचारी से छेड़छाड़ का मामला, CDPO पर FIR की मांग
By admin -3फरवरी 2026
चौथा स्तंभ
पांढुरना (सौंसर) महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी संभालने वाला महिला एवं बाल विकास विभाग खुद सवालों के घेरे में आ गया है। सौंसर कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर मंजूषा गजभिये ने परियोजना अधिकारी कमल कुमार (CDPO) पर छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार और अश्लील इशारों जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन में आरोप है कि अधिकारी ने कार्यालय में अकेलेपन का फायदा उठाते हुए हाथ पकड़ने की कोशिश की, मानसिक दबाव बनाया और विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी। महिला कर्मचारी का कहना है कि वह लंबे समय से भय और प्रताड़ना के माहौल में काम करने को मजबूर है।
सबसे गंभीर सवाल यह है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा का दायित्व निभाने वाले विभाग में ही महिला कर्मचारी खुद को असुरक्षित बता रही है, तो आम महिलाओं की स्थिति क्या होगी?
वहीं, आरोपी CDPO कमल कुमार ने सभी आरोपों को नकारते हुए इसे वेतन बढ़ोतरी से जुड़ा आपसी विवाद बताया है। हालांकि पीड़िता का कहना है कि आरोपों को झूठा बताकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
मामले को लेकर थाना प्रभारी रूपलाल उईके ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब सबसे बड़ा सवाल—
क्या एक महिला कर्मचारी को मिलेगा न्याय, या फिर रसूख और पद के आगे दब जाएगी उसकी आवाज?
और क्या महिला एवं बाल विकास विभाग इस मामले में पारदर्शी कार्रवाई करेगा, या चुप्पी साध ली जाएगी?
