इंदिरा गांधी के चरणों में कांग्रेसजन ने किया नमन
–नेताद्वय ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया याद
छिन्दवाड़ा( चौथा स्तंभ)देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर समस्त कांग्रेसजन ने पुष्पांजलि अर्पित की। महज ग्यारह वर्ष की आयु में ही इंदिरा गांधी जी ने ब्रिटिश शासन का विरोध करने के लिये बच्चों की वानर सेना बनाई थी। उनके ऐसे ही साहस, पराक्रम व ठोस निर्णय लेने की क्षमता के चलते उन्हें आयरन लेडी भी कहा गया।
शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इंदिरा गांधी जी के जयंती कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी जी के भीतर गजब की राजनीतिक दूरदर्शिता थी। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण से लेकर अनेक दृढ़ फैसलें लिये जिन्हें आज भी याद किया जाता है। गरीबी मुक्त भारत उनका सबसे बड़ा सपना था जो आज भी पूरा नहीं हो पाया, जबकि समय के साथ गरीबी और अमीरी की खाई लगातार बढ़ती जा रही और इस खाई को अब पाटना और भी मुश्किल होता जा रहा है। श्री ओकटे ने कहा कि माननीय कमलनाथ जी को तीसरे बेटे के रूप में स्वीकारने वाली मां स्वरूपा इंदिरा गांधी जी साहस, सरलता एवं महिला सशक्तिकरण की अद्वितीय मिसाल रहीं है। इंदिरा जी को आज पूरा देश याद कर रहा है।
पांढुर्ना जिला प्रभारी श्री गंगा प्रसाद तिवारी ने राष्ट्रनेत्री आयरन लेडी देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें कोटिश: नमन करते हुये कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी जी के कार्यकाल में देश ने नई ऊंचाईयों को छुआ है। उन्हें अन्नत काल तक याद किया जाएगा।
आयोजित कार्यक्रम को सरला सलामे, शोभा शर्मा, रानू डेहरिया, दीपा यादव, किरण चौधरी ने भी सम्बोधित किया। आयोजित कार्यक्रम में फिरोज खान, शशि भारती,चिंटू काले, अखिलेश राय, अमित मालवीय, सुनील राय सहित अन्य उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने वल्लभ भाई पटेल को मान, सम्मान व पद सबकुछ दिया- कांग्रेस
–वल्लभ भाई पटेल की जयंती से प्रारंभ हुई संगोष्ठी का इंदिरा प्रियदर्शनी पार्क में हुआ समापन
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ हुई संगोष्ठी का समापन इंदिरा प्रियदर्शनी पार्क में देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर हुआ। आयोजित संगोष्ठी के समापन पर कांग्रेस के वक्ताओं ने भाजपा के द्वारा महापुरुषों की चोरी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में ही श्री वल्लभ भाई पटेल को गृहमंत्री बनाया गया। उन्हें “सरदार” की उपाधि महात्मा गांधी जी ने दी।
शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी के समापन अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गुंजन शुक्ला ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल 1947 से 1950 तक देश के उप प्रधानमंत्री व गृहमंत्री का पद संभाला। कांग्रेस ने सदैव सरदार वल्लभ भाई पटेल को सम्मान दिया, उनके परिवार के सदस्यों को भी आगे रखा। नेहरू जी का परिवारवाद ऐसा था कि उन्होंने अपने जीवन काल में इंदिरा गांधी को कोई पद नहीं लेने दिया। जबकि सरदार पटेल की मृत्यु के बाद उनकी बेटी मणिबेन पटेल को 1952, 1957 में दो बार लोकसभा सांसद बनवाया। उनके बेटे दहराभाई पटेल को 1958 में राज्य सभा में भेजा। जबकि उनकी बहन भी उस समय कांग्रेस से लोकसभा सदस्य थी। भाजपा श्री सरदार वल्लभ भाई पटेल का दुष्प्रचार करती है जिसका जवाब देने की आवश्यकता है।
आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश कपाले ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पार्टी के लौह पुरुष पर बात करती है लेकिन स्वयं की पार्टी के लौहपुरुष बताये जाने वाले लाकृष्ण आडवानी पर बात नहीं करती। मोदी शाह की भाजपा ने अपने राजनैतिक हितों को पूरा करने आडवानी सहित मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा , जसवंत सिंह जैसे भाजपा के नेताओं को 75 वर्ष की आयु का हवाला देकर रिटायर्ड कर दिया पर जब खुद की उम्र 75 हो गई तब भी स्वयं के बनाए हुए नियम को मानने से इंकार कर दिया।
जय सक्सेना ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा लौह पुरुष को सम्मान देने की केवल बात करती है, किन्तु सच्चाई यह है कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर अहमदाबाद में स्थित स्टेडियम का नाम बदलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर कर दिया गया है। सवाल उठता है कि भाजपा यह कौनसा सम्मान सरदार वल्लभ भाई पटेल को दे रही है वह स्वयं चिंतन व मनन कर जनता को बताएं कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों किया।
आयोजित कार्यक्रम को बैजू वर्मा, राजीव तिवारी ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में मंच संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने किया व आभार प्रदर्शन आशीष कुमरे ने किया। आयोजित संगोष्ठी के समापन पर जाकिर परवेज, मुकेश उपाध्याय, टिंकू राय, आरिफ ठाकुर, अमित श्रीवास्तव व अरुण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

