छिंदवाड़ा में सियासी टकराव: भाजपा ने तोड़ी बैरिकेडिंग, प्रशासन की नाकाबंदी फेल — पुलिस का हल्का बल प्रयोग

Chautha Sthambh

छिंदवाड़ा में सियासी टकराव: भाजपा ने तोड़ी बैरिकेडिंग, प्रशासन की नाकाबंदी फेल — पुलिस का हल्का बल प्रयोग
छिदंवाडा (चौथा स्तंभ )छिंदवाड़ा में भाजपा द्वारा कांग्रेस भवन घेराव के ऐलान के बाद प्रशासन की भारी-भरकम तैयारी सवालों के घेरे में आ गई। पुलिस की जबरदस्त नाकाबंदी और बैरिकेडिंग के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता तमाम बेरिकेडिंग तोड़ते हुए कांग्रेस भवन तक पहुंच गए, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खुल गई।


कांग्रेस भवन के आसपास पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के दावे किए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स अलर्ट पर रखी गई, लेकिन इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस भवन तक पहुंच जाना प्रशासन की तैयारियों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और कांग्रेस भवन की ओर बढ़ते हुए बैरिकेडिंग तोड़ दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।


वहीं कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर भाजपा कार्यकर्ताओं को नहीं रोकने का आरोप लगाया और इसके विरोध में थाने के सामने धरना दिया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने इसे प्रशासन की पक्षपातपूर्ण कार्यशैली बताते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो स्थिति नहीं बिगड़ती।
प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस भवन तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है।
दोनों दलों के आमने-सामने आने की स्थिति के बीच शहर में तनाव का माहौल बना रहा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन की तैयारी और निष्पक्षता को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *