खेलो इंडिया ट्राइबल यूथ गेम्स में छिंदवाड़ा के शिवा ने जीता स्वर्ण पदक
130 किलो भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन, मध्य प्रदेश को दिलाया एकमात्र गोल्ड
रायपुर[चौथा स्तंभ]
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल यूथ गेम्स में छिंदवाड़ा जिले के होनहार पहलवान शिवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। शिवा ने मध्य प्रदेश की कुश्ती टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश के लिए एकमात्र गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
130 किलो भार वर्ग में उतरे शिवा पहलवान ने फाइनल मुकाबले में दमदार खेल दिखाया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को शानदार ‘धोबी पछाड़’ दांव लगाकर हराया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
शिवा पहलवान छिंदवाड़ा जिले के ग्राम पकड़िया के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। उनके इस शानदार प्रदर्शन पर जिला कुश्ती संघ, साथी खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

गौरतलब है कि शिवा की इस जीत ने न सिर्फ मध्य प्रदेश बल्कि पूरे छिंदवाड़ा जिले को खेल जगत में नई पहचान दिलाई है। उनकी मेहनत और लगन क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है।
