बजट से आम जनता को कोई राहत नहीं, छिंदवाड़ा की पूरी तरह अनदेखी – विश्वनाथ ओकटे

Chautha Sthambh

बजट से आम जनता को कोई राहत नहीं, छिंदवाड़ा की पूरी तरह अनदेखी – विश्वनाथ ओकटे
छिंदवाड़ा(चौथा स्तंभ) कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री विश्वनाथ ओकटे ने केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस बार भी बड़े बदलाव या जनसरोकारों से जुड़े ठोस कदम उठाने के बजाय केवल आंकड़ों की बाजीगरी की है। कागजों में बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता को इसका कोई वास्तविक लाभ नहीं मिलेगा।
श्री ओकटे ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार इस बजट में छिंदवाड़ा जिले को कोई भी नई योजना, परियोजना या विशेष बजटीय प्रावधान नहीं दिया गया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय, विशेषकर माननीय कमलनाथ जी के नेतृत्व में, हर बजट में छिंदवाड़ा को योजनाओं और परियोजनाओं के साथ विशेष पैकेज मिलता रहा है। माननीय नकुलनाथ जी ने भी अपने संसदीय कार्यकाल में व्यक्तिगत प्रयासों से जिले के लिए बजट स्वीकृत कराए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के अब तक के सभी बजटों की तरह इस बार भी छिंदवाड़ा की पूरी तरह अनदेखी की गई है। भाजपा नेता भले ही बजट को किसान, युवा, मजदूर और नौकरीपेशा वर्ग के लिए “सुनहरा” बता रहे हों, लेकिन हकीकत यह है कि बजट आते ही शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। यह संकेत देता है कि बजट आम जनता के लिए नहीं, बल्कि चुनिंदा वर्गों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि बजट में युवाओं के रोजगार को लेकर कोई ठोस प्रावधान नहीं है, किसानों के लिए नई योजनाओं का अभाव है और टैक्स में भी कोई राहत नहीं दी गई है। बेरोजगारी और महंगाई जैसी गंभीर समस्याओं पर बजट पूरी तरह मौन है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि जिन परेशानियों का सामना जनता अब तक करती आ रही है, आगे भी उन्हें झेलना पड़ेगा, क्योंकि इस बजट से किसी प्रकार की राहत नहीं मिली है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *