केरियर मेले से विद्यार्थियों को मिली नई दिशा, मार्गदर्शन पाकर खिले चेहरे..

Chautha Sthambh

शासकीय उ.मा.विद्यालय गांगीवाड़ा में 5 दिवसीय केरियर मेले का भव्य समापन जहां चाह है, वहां राह है – एसडीएम श्री जैन
केरियर मेले से विद्यार्थियों को मिली नई दिशा, मार्गदर्शन पाकर खिले चेहरे

By admin- 31 जनवरी 2026
छिंदवाड़ा,(चौथा स्तंभ)

स्वामी विवेकानंद केरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गांगीवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित पाँच दिवसीय केरियर मेले का शनिवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्राचार्य श्रीमती वाय.एन. खान ने की।
विशेष अतिथि के रूप में शासकीय आईटीआई कॉलेज छिंदवाड़ा के प्राचार्य श्री शुभम निमजे, शासकीय महिला आईटीआई छिंदवाड़ा के प्राचार्य श्री नलिन तिवारी, टीपीओ शासकीय आईटीआई श्री शिवकुमार सनोडिया एवं प्रशिक्षण अधिकारी श्री जितेंद्र सिंह राठौड़ मंचासीन रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने भविष्य और केरियर को लेकर उत्साहपूर्वक सवाल पूछे। एक छात्रा ने वकील बनकर जरूरतमंदों को न्याय दिलाने की इच्छा जताई, वहीं एक अन्य छात्रा ने सिविल इंजीनियरिंग के माध्यम से बिल्डर बनकर लोगों के सपनों का घर बनाने की बात कही। एक विद्यार्थी ने आईएएस बनकर देश सेवा करने का संकल्प व्यक्त किया। कक्षा 10वीं व 12वीं के बाद उपयुक्त पाठ्यक्रम चयन को लेकर भी विद्यार्थियों ने मार्गदर्शन प्राप्त किया। विषय विशेषज्ञों ने सभी प्रश्नों के सहज, व्यावहारिक और प्रेरक उत्तर दिए।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम श्री सुधीर जैन ने कहा कि “जहां चाह है, वहां राह है।” यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर प्रयास किया जाए तो सफलता निश्चित है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।


आईटीआई प्राचार्य श्री शुभम निमजे ने कौशल आधारित शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हुनर के साथ आगे बढ़ने पर रोजगार के अवसर स्वयं मिलते हैं। महिला आईटीआई प्राचार्य श्री नलिन तिवारी ने विद्यार्थियों को रुचि के अनुसार अध्ययन करने और मेहनत को अपनी आदत बनाने की सलाह दी। टीपीओ श्री सनोडिया ने डेयरी पालन, पेंटिंग, मेहंदी, ईंट निर्माण जैसे स्वरोजगार के क्षेत्रों में भी उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं बताईं।


कार्यक्रम में संस्था प्राचार्य श्रीमती वाय.एन. खान ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। संचालन श्री धीरेंद्र दुबे ने किया तथा आभार प्रदर्शन केरियर गाइडेंस प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. शिल्पी शर्मा ने किया। इस अवसर पर शाला द्वारा प्रकाशित केरियर पत्रिका का विमोचन अतिथियों के करकमलों से किया गया। खेल प्रतियोगिताओं में विजयी विद्यार्थियों को पुरस्कार भी वितरित किए गए।
केरियर मेले में शासकीय हाई स्कूल मारई के विद्यार्थी भी शामिल हुए। मेला स्थल को विभिन्न केरियर विकल्पों की जानकारी देने वाले आकर्षक स्टॉलों से सजाया गया था, जहां विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। आयोजन को सफल बनाने में शाला परिवार का सक्रिय योगदान रहा।

- Advertisement -
  • Share This Article
    Leave a Comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *