भ्रामक खबरों पर सहायक आयुक्त एस.एस. मरकाम की सख़्त आपत्ति
कहा– नाम जोड़कर फैलाई जा रही अफवाहें पूरी तरह निराधार, कानूनी विकल्प खुले
छिंदवाड़ा (चौथा स्तंभ ) सिवनी जिले में पूर्व पदस्थापना के दौरान तथा वर्तमान में छिंदवाड़ा जिले में पदस्थ सहायक आयुक्त श्री सतेंद्र सिंह मरकाम ने अपने नाम को पेंच क्षेत्र में कथित रिसॉर्ट एवं ईओडब्ल्यू की कार्रवाई से जोड़कर प्रसारित की जा रही खबरों को पूरी तरह भ्रामक, निराधार और तथ्यहीन बताया है।
श्री मरकाम ने स्पष्ट किया कि पेंच नेशनल पार्क क्षेत्र में न तो उनके नाम से कोई रिसॉर्ट है और न ही उनका किसी भी प्रकार का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष व्यावसायिक संबंध रहा है। इसके बावजूद कुछ माध्यमों द्वारा उनके नाम को इस तरह से जोड़कर प्रस्तुत करना उनकी प्रशासनिक छवि को धूमिल करने का प्रयास प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उन्होंने सदैव नियमों, कानून और सेवा आचरण के दायरे में रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। बिना किसी ठोस प्रमाण के किसी अधिकारी का नाम इस प्रकार जोड़ना न केवल व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाता है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी अनावश्यक प्रश्न खड़े करता है।
श्री मरकाम ने यह भी संकेत दिए हैं कि यदि इस प्रकार की अपुष्ट और भ्रामक खबरों का प्रसारण जारी रहता है, तो वे अपनी सेवा-प्रतिष्ठा और छवि की रक्षा के लिए कानूनी विकल्पों पर विचार करने को बाध्य हो सकते हैं।
प्रशासनिक एवं विभागीय हलकों में श्री मरकाम को एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उनके द्वारा दी गई यह स्पष्टता उनके नाम से जुड़ी सभी अफवाहों का तथ्यात्मक खंडन करती है।
उन्होंने मीडिया से भी अपेक्षा की है कि किसी भी समाचार के प्रकाशन से पूर्व तथ्यों की निष्पक्ष, गहन और जिम्मेदार जांच की जाए, ताकि किसी निर्दोष अधिकारी की प्रतिष्ठा को अनावश्यक रूप से क्षति न पहुँचे।

