जिले में घूम रही बच्चा चोर गैंग !चौरई अंचल में बच्चा चोर गैंग की दहशत, ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया संदिग्ध..

Chautha Sthambh

चौरई अंचल में बच्चा चोर गैंग की दहशत, ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया संदिग्ध
छिंदवाड़ा(चौथा स्तंभ )चौरई। बड़े शहरों की तर्ज पर अब ग्रामीण अंचलों में भी बच्चा चोरी की आशंकाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चौरई थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया फतेहपुर में एक संदिग्ध युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। युवक पर आरोप है कि वह नाबालिग बच्चे को जबरन ले जाने की कोशिश कर रहा था।
13 वर्षीय बच्चे को जबरन ले जाने की कोशिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शाजापुर जिले का रहने वाला श्यामनाथ नामक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांव-गांव प्लास्टिक टप बेचने का काम करता है। आरोप है कि उसने 11–13 वर्षीय नाबालिग बच्चे को स्कूल जाते समय रोका और उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश की। ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी बच्चे से भीख मंगवाने की बात कह रहा था।
बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सीधे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मुसाफिरी दर्ज कर संदेह से बचने की कोशिश?
जानकारी यह भी सामने आई है कि आरोपी ने पहले अमरवाड़ा थाना में मुसाफिरी दर्ज कराई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चा चोर गैंग पुलिस की नजर से बचने के लिए इस तरह की औपचारिकताएं पूरी करती है, ताकि उन पर संदेह न हो।
हालांकि पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा है या अकेले ही वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं—धारा 139 ए और 62—के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अन्य संभावित साथियों की भी तलाश कर रही है।
ग्रामीणों की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
गांव में फैली अफवाहों और आशंकाओं के बीच इस घटना ने लोगों को और सजग कर दिया है। ग्रामीणों की तत्परता से एक संभावित बड़ी घटना टल गई। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *