जिले में चना–मसूर पंजीयन हुआ प्रारंभ, 16 मार्च अंतिम तिथि
कलेक्टर श्री नारायन एवं उप संचालक कृषि श्री सिंह ने कृषकों से पंजीयन कराने की अपील
छिन्दवाड़ा(चौथा स्तंभ )शासन के निर्देशानुसार जिले में चना एवं मसूर फसल के उपार्जन हेतु किसानों का पंजीयन आज से प्रारंभ कर दिया गया है, जिसकी अंतिम तिथि 16 मार्च निर्धारित की गई है।
आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई । बैठक में कलेक्टर श्री नारायन ने महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक एवं उपायुक्त सहकारिता को निर्देश दिए गए कि सभी गेहूं पंजीयन केंद्रों पर तत्काल प्रभाव से चना–मसूर पंजीयन शुरू कराया जाए। कलेक्टर श्री नारायन ने जिले के सभी गेहूं, चना एवं मसूर बोने वाले किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में सभी एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी, जनपद सीईओ, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, कृषि विभाग के अधिकारी, समिति प्रबंधक एवं ऑपरेटर समन्वय बनाकर कार्य करें। किसानों को सुविधा देने के लिए पंजीयन सभी सहकारी समितियों, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से भी किया जा सकेगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, उपसंचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह, उपसंचालक उद्यानिकी श्री एमएल उइके सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक टीएल बैठक में पंजीयन प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा समितिवार पंजीयन की निगरानी कर समिति प्रबंधकों की जवाबदेही तय की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक किसानों का समय-सीमा में पंजीयन सुनिश्चित हो सके।
