बड़ी लापरवाही का खुलासा: उभेगांव स्कूल की साइंस लैब बनी “खतरे की इमारत” !
छिंदवाड़ा (चौथा स्तंभ )।
जिले के उभेगांव स्थित शासकीय स्कूल में बन रही साइंस लैब की बिल्डिंग में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में नियमों को ताक पर रखकर बिना पर्याप्त गहराई के नींव तैयार किए ही सीधे कॉलम खड़े किए जा रहे हैं। यह लापरवाही न सिर्फ तकनीकी मानकों का उल्लंघन है, बल्कि मासूम बच्चों की सुरक्षा से खुला खिलवाड़ भी है।
बिना नींव खड़ी इमारत, बड़ा हादसा तय?
जानकारी के मुताबिक, निर्माण एजेंसी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए गहरी खुदाई और मजबूत बेस डाले बिना ही कॉलम खड़े कर दिए गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह का निर्माण कभी भी कमजोर साबित हो सकता है और भविष्य में किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।

विज्ञापन-1
इंजीनियर-ठेकेदार की मिलीभगत का आरोप
ग्रामीणों और अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि पूरा निर्माण कार्य इंजीनियर और ठेकेदार की मिलीभगत से चल रहा है। गुणवत्ता की जांच किए बिना ही काम को तेजी से पूरा करने की कोशिश की जा रही है, ताकि भ्रष्टाचार पर पर्दा डाला जा सके।
बच्चों की जान जोखिम में
स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि इसी तरह घटिया निर्माण जारी रहा, तो यह बिल्डिंग भविष्य में बच्चों के लिए “मौत का जाल” साबित हो सकती है।

विज्ञापन-2
जांच की उठी मांग
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी ठेकेदार, इंजीनियर और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग तेज हो गई है।
जिम्मेदारों की चुप्पी से बढ़ा आक्रोश
इतनी बड़ी लापरवाही सामने आने के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। इस मौन ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया है।
बड़ा सवाल:
क्या प्रशासन समय रहते जागेगा या किसी बड़े हादसे के बाद ही होगी कार्रवाई?
