जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों और बाल वैज्ञानिकों ने पुनः स्थापित किया कीर्तिमान

Chautha Sthambh

जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों और बाल वैज्ञानिकों ने पुनः स्थापित किया कीर्तिमान
सर्वाधिक 256 विद्यार्थियों का इंस्पायर अवार्ड में चयन, मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान

छिन्‍दवाड़ा(चौथा स्तंभ )विज्ञान एवं नवाचार की दिशा में जिले ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा संचालित इंस्पायर अवार्ड – मानक योजना सत्र 2025-26 में छिंदवाड़ा/पांढुर्णा जिले के 256 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। यह संख्या पूरे मध्यप्रदेश में सर्वाधिक है, जिससे जिले ने लगातार दूसरे वर्ष प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है।
उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष भी जिले ने प्रथम स्थान अर्जित किया था, किंतु इस वर्ष चयनित विद्यार्थियों की संख्या और अधिक होकर, एक नया कीर्तिमान स्थापित कर गई है। यह उपलब्धि केवल एक आँकड़ा नहीं, बल्कि जिले की वैज्ञानिक सोच, नवाचार संस्कृति और शिक्षकों के समर्पण का सजीव प्रमाण है।
इस उपलब्धि का सबसे गौरवपूर्ण पक्ष यह है कि पूरे मध्यप्रदेश में केवल छिंदवाड़ा ही ऐसा जिला है जहाँ चयनित विद्यार्थियों की संख्या तीन अंकों तक पहुँची है, जबकि अन्य जिलों की संख्या दो अंकों तक ही सीमित रही। यह तथ्य स्वयं सिद्ध करता है कि छिंदवाड़ा न केवल भागीदारी में, बल्कि गुणवत्ता और नवाचार में भी प्रदेश का नेतृत्व कर रहा है।
योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को 10,000 – 10000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपने मॉडल एवं परियोजनाओं को और विकसित कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत कर सकेंगे।

नवाचार में आगे, सोच में अग्रणी –
जिले के विद्यार्थियों ने सामाजिक, पर्यावरणीय एवं तकनीकी चुनौतियों के समाधान हेतु अभिनव एवं उपयोगी वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए। जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, स्मार्ट तकनीक तथा ग्रामीण समस्याओं के समाधान जैसे विषयों पर तैयार किए गए मॉडल राज्य स्तर पर विशेष रूप से सराहे गए।

अधिकारियों ने दी बधाई-
इस अवसर पर छिंदवाड़ा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी. एस. बघेल ने सभी चयनित विद्यार्थियों, मार्गदर्शक शिक्षकों, संस्था प्रमुखों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। सहायक संचालक स्कूल शिक्षा श्री डी. पी. डेहरिया एवं श्री पी. एल. मेश्राम, जिला इंस्पायर नोडल श्री गिरीश शर्मा तथा जिला परीक्षा नोडल श्री दिलीप कुमार ढोके ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए इसे जिले के लिए प्रेरणादायीक्षण बताया।

प्रेरणा की नई कहानी-
छिंदवाड़ा/पांढुर्णा की यह उपलब्धि न केवल संबंधित विद्यालयों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरक संदेश है कि यदि संकल्प, मार्गदर्शन और नवाचार की भावना हो तो संसाधनों की सीमाएँ भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं।
आज छिंदवाड़ा ने सिद्ध कर दिया है
विज्ञान की उड़ान में हमारा जिला प्रदेश में सबसे आगे है।”

- Advertisement -
  • Share This Article
    Leave a Comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *