छिंदवाड़ा में अवैध कॉलोनाइजरों पर निगम का बड़ा प्रहार…

Chautha Sthambh

छिंदवाड़ा में अवैध कॉलोनाइजरों पर निगम का बड़ा प्रहार
वार्ड 48 और 36 में बुलडोजर की तैयारी, कॉलोनाइजरों पर होगी एफआईआर

छिंदवाड़ा(चौथा स्तंभ ) शहर में तेजी से फैल रही अवैध कॉलोनियों पर नगर निगम ने अब कड़ा शिकंजा कस दिया है। नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय के सख्त निर्देश के बाद वार्ड क्रमांक 48 और 36 में बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों पर तत्काल रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध कॉलोनियां बनाने वालों पर एफआईआर दर्ज होगी और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
नगर निगम की जांच में वार्ड क्रमांक 48 के खसरा नंबर 200/1/1/2 पर बड़े पैमाने पर बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने का मामला सामने आया है। यहां बाउंड्रीवाल, सीसी सड़क, नाली निर्माण और बिजली पोल तक लगा दिए गए थे। इस मामले में यमला बाला सुब्रमण्यम, गुरुदास, प्रवीता विश्वकर्मा, कृष्ण सैनी, हरिप्रसाद नागवंशी, सचिन विश्वकर्मा, संगीता डेहरिया, उमा पाल, दीक्षा ठाकरे और श्रवण सहित कई लोगों के नाम सामने आए हैं।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 36 के ग्राम सर्रा में खसरा नंबर 54/3/1, रकबा 1.6420 हेक्टेयर भूमि पर महादेव राव द्वारा अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला उजागर हुआ है। यहां भी सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल जैसे निर्माण कार्य किए गए हैं।
नगर निगम आयुक्त ने दोनों क्षेत्रों को अवैध कॉलोनी घोषित करने, निर्माण कार्य ध्वस्त करने और संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए हैं। कार्रवाई को लेकर नगर निगम अमला सक्रिय हो गया है और जल्द ही मौके पर बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
निगम की चेतावनी – सावधान रहें खरीदार
नगर निगम ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि बिना अनुमति वाली कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें। निवेश से पहले कॉलोनी की वैधानिक अनुमति की जांच अवश्य करें, अन्यथा नुकसान की जिम्मेदारी स्वयं की होगी।
संदेश साफ – अब नहीं बचेंगे अवैध कॉलोनाइजर
नगर निगम की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *