सिवनी रोड घाट परासिया में देर रात भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से बोलेरो सवार घायल, अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा

Chautha Sthambh

सिवनी रोड घाट परासिया में देर रात भीषण हादसा: ट्रक की टक्कर से बोलेरो सवार घायल, अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा — परिवार ने मांगा तत्काल मुआवजा
छिंदवाड़ा (चौथा स्तंभ)जिले के सिवनी रोड घाट परासिया में बीती रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पचमढ़ी महादेव मेले से लौट रहे यात्रियों से भरी एक बोलेरो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद पीछे से आ रहा दूसरा ट्रक भी अनियंत्रित हो गया और सीधे पास स्थित संजो धुर्वे पति रामदास धुर्वे के मकान में जा घुसा।


ट्रक के मकान में घुसते ही घर की दीवारें और छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। मकान के अंदर रखा घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में डीएपी खाद लदी हुई थी। हादसे के समय परिवार घर के बाहर निकल चुका था, क्योंकि वे बोलेरो दुर्घटना देखने बाहर आए थे। गनीमत रही कि उसी वजह से परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।


पीड़ित मकान मालिक संजो धुर्वे ने प्रशासन से तत्काल मुआवजा और राहत सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि हादसे के बाद परिवार के पास न रहने के लिए सुरक्षित छत बची है और न ही रोजमर्रा के उपयोग का सामान। बच्चों के सामने रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है।


पुलिस ने बोलेरो दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घायल यात्रियों के उपचार की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ प्रभावित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता और अस्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए।

- Advertisement -
  • Share This Article
    Leave a Comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *