विदेश जाकर भारत की ताकत का जबर्दस्त एहसास करा दिया है….
चौथा स्तंभ (छिंदवाड़ा )
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के दो वेट लिफ्टर्स के सामने उम्र ने भी घुटने टेक दिए हैं. दोनों ने ऐसा कमाल किया है कि युवा भी हैरत में पड़ जाएं. एक की उम्र 70 साल है, तो दूसरे की 66 साल, इस उम्र में भी दोनों पहलवानों ने विदेश जाकर भारत की ताकत का जबर्दस्त एहसास करा दिया है. हम बात कर रहे हैं छिन्दवाड़ा के राजेन्द्र सिंह ठाकुर और संजय चाटे की जिन्होंने वियतनाम में वेट लिफ्टिंग में गोल्ड जीतकर भारत का परचम फहराया है।

वर्ल्ड रॉ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में वियतनाम के होचीमिन शहर में वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया. इसमें मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के दो खिलाड़ी राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने 70 साल आयु वर्ग में 83 किलोग्राम और संजय चाटे ने 66 वर्ष आयु वर्ग में 64 किलोग्राम वर्ग में भाग लेकर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है।

इन्होंने बैंच प्रेस व डेड लिफ्ट प्रतियोगिता में दो-दो गोल्ड मेडल प्राप्त कर भारतीय ध्वज का गौरव बढ़ाया है. सीनियर सिटीजन कैटेगिरी में यह कारनामा करने वाले जिले के पहले खिलाड़ी बने राजेन्द्र व संजय ने विदेशी जमीन पर 2-2 गोल्ड मेडल जीत कर नया कीर्तिमान बनाया है।

