राहवीर योजना एवं कैशलैस योजना का व्यापक प्रचार – प्रसार करने के निर्देश

Chautha Sthambh

छिंदवाड़ा (चौथा स्तंभ)छिंदवाड़ा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय की उपस्थिति में आज कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा करने के साथ ही नवीन एजेंडा बिंदुओं के अनुसार राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षात्मक उपाय, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने, नो-पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा रिंग रोड व शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात सुधार के निर्देश दिए गए। बैठक में समिति के सचिव एवं कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री आकाश खरे, नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी.राय, डीएसपी ट्रैफिक श्री आर.पी.चौबे, एन.एच.ए.आई सहित सड़क संबंधी सभी विभागों के अधिकारी, सीएमएचओ, टी.आई.ट्रैफिक श्री राकेश तिवारी एवं समिति के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

    बैठक में कलेक्टर ने परियोजना निदेशक एन.एच.ए.आई को निर्देश दिए कि रिंग रोड पर स्थित सभी रोटरी में अनावश्यक लगे बैनर - पोस्टर को हटाया जाए, झाड़ियों की साफ-सफाई कराएं और पर्याप्त रोशनी के लिए हाई मास्ट लगवाएं। साथ ही सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित अतिक्रमण की सूची एवं अनाधिकृत मध्य मागों (मीडियन कट) की जानकारी समिति को उपलब्ध कराएं। इसके अलावा, छिन्दवाड़ा नरसिंहपुर एन०एच० 547 के थाना अमरवाडा एवं हर्रई के बीच दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने के भी निर्देश दिए।

  आयुक्त नगर पालिक निगम को शहर में पैदल चलने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा के लिये फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खजरी रोड स्थित रेल्वे ब्रिज के तिराहे पर रम्बल स्ट्रिप की संख्या बढ़ाने, 11 मुखी हनुमान मंदिर मार्ग पर गति अवरोधक लगाने एवं शहरी क्षेत्र के मार्गों के किनारे एकत्रित की गई निर्माण सामग्री को हटाकर सुरक्षात्मक यातायात के आवश्यक उपाय करने के संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि कोई भी निर्माण सामग्री सड़क पर फैली नहीं होनी चाहिए। निर्माण के बाद सामग्री को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने नगर निगम को सत्कार तिराहा, जेल तिराहा, रेल्वे स्टेशन के सामने एवं बस स्टैंड से खजरी (व्ही.आई.पी.मार्ग) के किनारे विभिन्न स्थानों पर नो-पार्किंग के बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। 

  बैठक में म.प्र. सड़क विकास निगम को छिन्दवाडा-परासिया राज्य मार्ग के रिधोरा चौराहे पर लेफ्ट टर्न, सांकेतक बोर्ड एवं रोड मिडीयन का कार्य कराने, ग्राम सोनापिपरी से खिरसाडोह मार्ग पर रोड मीडियन व सांकेतिक बोर्ड का कार्य एवं कोसमी मंदिर के सामने मार्ग के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। छिंदवाड़ा शहर में नए बस स्टेंड के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल के चयन के लिए आयुक्त नगरपालिक निगम, उप पुलिस अधीक्षक यातायात एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

राहवीर योजना के संबंध में जागरूकता फैलाने के निर्देश – सड़क दुर्घटना में घायलों की त्वरित सहायता को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने राहवीर योजना एवं कैशलैस उपचार योजना का सभी शासकीय व निजी अस्पतालों में बैनर-पोस्टर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। सीएमएचओ को सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों के बाहरी परिसर के साथ ही रिसेप्शन एरिया में बैनर / पोस्टर लगवाने और इस संबंध में जागरूकता फैलाने हेतु निर्देशित किया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *