माचागोरा कैचमेंट एरिया में दुर्लभ माइग्रेटरी पक्षियों की उपस्थिति….
जिले में वर्ड वॉचिंग एवं नेचर सफारी का सफल आयोजन…
छिंदवाड़ा (चौथा स्तंभ ) जिलें के माचागोरा कैचमेंट एरिया जमुनिया (छोटा महादेव) में आयोजित बर्ड वॉक छिंदवाड़ा जिले में सार्वजनिक बर्ड वॉक कार्यक्रम रहा। इस अवसर को और भी ऐतिहासिक बनाते हुए इस क्षेत्र में पहली बार कई दुर्लभ एवं प्रवासी पक्षियों का अवलोकन दर्ज किया गया, जिसने माचागोरा कैचमेंट एरिया को अंतरराष्ट्रीय प्रवासी पक्षी मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान प्रदान किया है। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में अब तक कुल 55 प्रकार की पक्षी प्रजातियों की उपस्थिति दर्ज की जा चुकी है।

नेचर सफारी एवं अटावी वर्ल्ड फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में माचागोरा डेम के रमणीय कैचमेंट एरिया जमुनिया में वर्ड वॉचिंग एवं नेचर सफारी का सफल आयोजन किया गया। इस प्रकृति आधारित कार्यक्रम में कई लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

माचागोरा डेम के सुंदर कैचमेंट क्षेत्र जमुनिया में जहाँ सनराइज पॉइंट पर उगते सूर्य की लालिमा से सजी प्राकृतिक छटा ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अलौकिक दृश्य को देखकर सभी रोमांचित हो उठे। । वर्ड वॉचिंग के दौरान पक्षी विशेषज्ञ श्रीमती मनीषा परिहार (सतपुड़ा साइंस एजुकेशन एवं वेलफेयर सोसायटी) एवं गाइड श्री रोहित यादव द्वारा पक्षी अवलोकन की विधि, दूरबीन के सही उपयोग तथा पक्षियों के व्यवहार एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

लगभग 1.5 किलोमीटर की वॉकिंग ट्रेल में कुल 36 प्रकार की पक्षी प्रजातियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया। इस दौरान गार्गेनी (Garganey), कॉमन रिंग्ड प्लोवर (Common Ringed Plover), रेड क्रेस्टेड पोचार्ड (Red-crested Pochard), ओरिएंटल हनी बजर्ड (Oriental Honey Buzzard), रूडी शेलडक (Ruddy Shelduck) एवं ब्लू-थ्रोट (Bluethroat) जैसे दुर्लभ प्रवासी पक्षियों की प्रथम उपस्थिति दर्ज की गई

। इसके अतिरिक्त रेड स्टार्ट, ग्रे हेरन, परपल हेरन, रिवर टर्न, ब्लैक हेडेड आइबिस, ईग्रेट, स्टॉर्क-बिल्ड किंगफिशर, ब्लैक ड्रोंगो सहित अनेक आकर्षक पक्षियों को नजदीक से देखा गया। साथ ही बया पक्षी के सुंदर घोंसलों ने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया।


