कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने रातामाटी के शासकीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण..
छिन्दवाड़ा(चौथा स्तंभ) जिले में शैक्षणिक व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने आज विकासखंड हर्रई के ग्राम रातामाटी पहुंचकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रातामाटी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम अमरवाड़ा श्री हेमकरण धुर्वे व सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सतेन्द्र सिंह मरकाम सहित अन्य अधिकारी भी उनके साथ थे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने संचालित हो रही रेमेडियल क्लासेस का अवलोकन किया तथा शिक्षण-अधिगम की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। विद्यार्थियों से बातचीत कर उन्होंने पढ़ाई, उपस्थिति एवं कक्षा संचालन से संबंधित प्रश्न पूछे।
कलेक्टर श्री नारायन ने स्मार्ट क्लासेस का भी निरीक्षण किया और डिजिटल उपकरणों की कार्यशीलता, उपयोगिता तथा आधुनिक शिक्षण सुविधाओं से विद्यार्थियों को होने वाले लाभों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्मार्ट क्लास का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

