कलेक्टर ने स्मार्ट सिटी मॉडल पर विकास की संभावनाएँ तलाशने के निर्देश दिए
छिन्दवाड़ा(चौथा स्तंभ) आज कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में नगर निगम छिंदवाड़ा की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (एमआईजी श्रेणी) के अंतर्गत परतला परियोजना से जुड़े 23 आवासों की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में आयुक्त नगर निगम श्री सी पी राय ने अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के इस घटक को संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल द्वारा डी-स्कोप,कर दिया गया है।

संबंधित हितग्राहियों की जमा राशि तीन माह के भीतर वापस करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देशित किया कि हितग्राहियों को स्पष्ट एवं शीघ्र जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की जाए, ताकि राशि वापसी की प्रक्रिया में कोई विलंब न हो। उन्होंने यह भी कहा कि परतला क्षेत्र को स्मार्ट सिटी मॉडल पर विकसित करने की संभावनाओं का विस्तृत अध्ययन कर प्रस्ताव तैयार किया जाए, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास नए स्वरूप में हो सके।

