हर्षोल्लास के साथ मनाया गया सशस्त्र सेना झंडा दिवस

Chautha Sthambh

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया सशस्त्र सेना झंडा दिवस

छिन्दवाड़ा(चौथा स्तंभ) जिले में आज सशस्त्र सेना झंडा दिवस पूरे हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। शहरवासियों, विभिन्न संगठनों, अधिकारियों और एनसीसी कैडेट्स ने भी इस अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा झंडा दिवस निधि में उदारतापूर्वक दान देकर सैनिकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

  उल्लेखनीय है कि झंडा दिवस के माध्यम से एकत्रित निधि का उपयोग युद्ध में दिव्यांग हुए सैनिकों, वीर नारियों एवं देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के परिजनों के कल्याण कार्यों में किया जाता है। साथ ही इस दान राशि पर आयकर अधिनियम की धारा 80 ‘जी’ बी के अंतर्गत आयकर में 100 प्रतिशत छूट भी प्रदान की जाती है।

  विंग कमांडर एवं जिला सैनिक कल्याण अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह तोमर (से.नि.) तथा कल्याण संयोजक श्री राजेश पाटिल द्वारा कलेक्टर एवं अध्यक्ष सैनिक बोर्ड श्री हरेंद्र नारायन को सशस्त्र सेना झंडे का बैज लगाया गया और उन्हें आर्म्ड फोर्सेज फ्लैग डे की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। एनसीसी कैडेट और पूर्व सैनिकों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुँचकर नागरिकों से योगदान एकत्र किया, जिसमें छिंदवाड़ा के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहयोग दिया।

  सैनिक कल्याण अधिकारी ने 87 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक श्रीमती कमला तिवारी, पत्नी दिवंगत डॉ. बी.पी. तिवारी के निवास पहुँचकर उन्हें तथा उनके पुत्र श्री राजीवा तिवारी और बहू श्रीमती समृद्धि तिवारी को भी झंडा दिवस का फ्लैग लगाया। तिवारी परिवार लगातार चार वर्षों से एक लाख रुपये का दान सैनिक कल्याण कार्यों हेतु दे रहा है। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी एवं कल्याण संयोजक ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री राजीवा तिवारी द्वारा सैनिक कल्याण बोर्ड को एक लाख रुपये का योगदान- श्रीमती कमला तिवारी एवं दिवंगत डॉ. बी.पी. तिवारी के पुत्र श्री राजीवा तिवारी, जो यूके में आईटी पेशेवर के रूप में कार्यरत हैं, ने इस वर्ष भी सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिक कल्याण बोर्ड को 1 लाख रुपये का दान दिया। यह लगातार चौथा वर्ष है जब उन्होंने झंडा दिवस के लिए इतनी ही राशि प्रदान की है। उन्होंने छिंदवाड़ा के नागरिकों से भी इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की।

  एकत्रित निधि का उपयोग भूतपूर्व सैनिकों, शारीरिक रूप से अक्षम पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के कल्याण हेतु किया जाता है। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर श्री तोमर (से.नि.), कल्याण संयोजक श्री पाटिल, श्रीमती कमला तिवारी, श्रीमती समृद्धि तिवारी एवं मीडियाकर्मी उपस्थित थे।
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *