कृषि विज्ञान केंद्र चंदनगांव में कृषि सखियों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न…

Chautha Sthambh

कृषि विज्ञान केंद्र चंदनगांव में कृषि सखियों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न…

प्राकृतिक खेती को खेत-खेत तक पहुचायें- सांसद श्री साहू

छिन्‍दवाड़ा (चौथा स्तंभ) कृषि विज्ञान केंद्र चंदनगांव छिंदवाड़ा में आज छिंदवाड़ा/पांढुर्णा जिले के 6 विकासखंडों (छिंदवाड़ा, मोहखेड़, चौरई, बिछुआ, सौंसर एवं पांढुर्णा) की 44 चयनित कृषि सखियों का प्राकृतिक खेती विषय पर 5 दिवसीय प्रशिक्षण पूर्ण हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र एवं परियोजना संचालक (आत्मा), किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत यह प्रशिक्षण कार्यक्रम का क्रियान्वयन किया गया।

  इस अवसर पर छिंदवाड़ा/पांढुर्णा सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने कृषि सखियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी प्रशिक्षित प्राकृतिक खेती के अग्रदूत है, इस ज्ञान से किसानों को जागरूक कर खेत-खेत तक पहुचायें। छिंदवाड़ा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने कहा कि प्राकृतिक खेती का आज के परिवेश में पर्यावरण संतुलन का एक महत्वपूर्ण आयाम है, आप सभी प्राकृतिक तौर तरीकों से खेती में मृदा का स्वास्थ्य सुधारने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। श्री शेषराव यादव ने कृषि सखियों से चर्चा करते हुए कहा कि, आपने प्राकृतिक खेती को बखूबी सीखा है, अब आपका दायित्व है कि, प्राकृतिक रूप से बनने वाली विभिन्न घटकों एवं दवाइयों की सही पद्धति का जन-जन तक विस्तार करें।

  उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने राष्ट्रीय प्राकृतिक मिशन के अंतर्गत इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का महत्व बताते हुए कहा कि एक कृषि सखी 125 किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों से प्रशिक्षित करेंगी। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ.डी.सी. श्रीवास्तव ने 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी कृषि सखी से प्रतिक्रिया भी प्राप्त की, जिसमें प्रशिक्षु उमा डांगे ने बताया कि हमने 5 दिवसीय प्रशिक्षण में प्राकृतिक खेती के सही पद्धतियों को सीखा, इससे हम किसानों को कम लागत में प्राकृतिक खेती करके किस तरह लाभ कमा सकते हैं, इस विषय में अपनी प्रतिक्रिया देंगे।

  कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा प्राकृतिक खेती पर प्रकाशित प्रशिक्षण पुस्तिका का विमोचन एवं प्राकृतिक खेती प्रदर्शन ईकाई का शुभारंभ किया गया तथा कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया।  जनप्रतिनिधिगण कार्यक्रम में उपस्थित थे। इस प्रशिक्षण समापन समारोह में  छिंदवाड़ा जिले के कृषि एवं कृषि संबधित विभागों के विभाग प्रमुख एवं अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे!
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *