पांढुर्णा में मेडिकल स्टोर्स की जांच : एक मेडिकल स्टोर सील, दो में एक्सपायरी दवाएं जप्त
छिन्दवाड़ा(चौथा स्तंभ) नवागत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ट के निर्देशानुसार नगर में संचालित मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई। यह संयुक्त जांच दल राजस्व अनुविभागीय अधिकारी सुश्री अलका एक्का, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री ब्रजेश भार्गव, तहसीलदार श्री विनय प्रकाश ठाकुर, थाना प्रभारी श्री अजय मरकाम, बीएमओ श्री दिपेन्द्र सलामे तथा स्वास्थ्य विभाग के बीईई श्री सुरेश कुमार टेकाम के नेतृत्व में की गई।

जांच के दौरान पांढुर्णा नगर के प्रमुख मेडिकल स्टोर्स श्री साई मेडिकोज़ (शारदा मार्केट), माँ जय भवानी मेडिकल स्टोर्स (गुजरी चौक), मोनू मेडिकल स्टोर्स (गुजरी चौक), नरेन्द्र मेडिकल एवं जनरल स्टोर्स (गुजरी चौक), सतीजा मेडिकल स्टोर्स, वैष्णवी मेडिकल स्टोर्स एवं प्रेम मेडिकल स्टोर्स (शिवाजी चौक) की जांच की गई।
जांच में श्री सांई मेडिकोज़ और नरेन्द्र मेडिकल स्टोर्स में च्यवनप्राश, युरोजोल एवं स्थेलीन कफ सीरप जैसी दवाएं एक्सपायरी डेट की पाई गईं, जिन्हें तत्काल स्टॉक से अलग कराया गया। वहीं, मोनू मेडिकल स्टोर्स में दवा विक्रेता का वैध लाइसेंस न होने के कारण उसे सील कर दिया गया। साथ ही, सभी मेडिकल स्टोर्स से अप्रैल 2025 से सितंबर 2025 तक की दवाओं की खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज आगामी जांच के लिए जप्त किए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और बिना लाइसेंस या एक्सपायरी दवा बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
