कफ सिरप प्रभावित प्रकरणों की उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने छिंदवाड़ा पहुंचकर की समीक्षा
सिम्स मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया
छिंदवाड़ा (चौथा स्तंभ ) कफ सिरप के सेवन से हुई बच्चों की मृत्यु की घटना एवं उपचाररत बच्चों की स्थिति की समीक्षा के लिए उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल आज छिंदवाड़ा पहुंचे और जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए शासन पूरी सख्ती से कार्य करेगा।

बैठक में एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में उक्त कफ सिरप की कुल 594 बोतलें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से अब तक 430 बोतलें जब्त की जा चुकी हैं। 12 बोतलों के नमूने जांच के लिए लिए गए, 1 बोतल फ्रीज की गई, जबकि 151 बोतलें मरीजों को विक्रय की गईं।
अधिकारियों ने बताया कि अब भी 141 बोतलें अप्राप्त हैं, जिनकी तलाश जारी है। इस पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि शेष बोतलों को तुरंत जब्त किया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा राज्य सरकार भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी और ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। बैठक के पश्चात उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सिम्स मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।


