राज्य स्तर से गठित औषधि निरीक्षक टीम द्वारा कोल्ड्रिफ सिरप के संबंध में कार्रवाई..
छिन्दवाड़ा (चौथा स्तंभ)
नवागत कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायन के दिशा निर्देशन में एवं मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.नरेश गोन्नाडे के मार्गदर्शन में राज्य स्तर से गठित नियंत्रक एवं खाद्य औषधि (ड्रग) की टीम के द्वारा परासिया विकासखंड एवं जिले के अन्य विकासखंड के विभिन्न मेडिकल स्टोर में सघन निरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसमें उपरोक्त टीम के द्वारा कोल्ड्रिफ सिरप 437 बाटल बैच नंबर SR-13 की सिरप जप्त की जा चुकी है एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सर्वे के दौरान पांच बाटलें फील्ड से जप्त की गई। निरीक्षण के दौरान 5 दवाई दुकानों को सीज़ की कार्रवाई की गई है, जिसमें दो मेडिकल स्टोर्स छिंदवाड़ा एवं तीन विकासखंड परासिया के है। जिन मेडिकल स्टोर को सीज़ करने की कार्रवाई की गई है उनमें रसेला मेडिकल स्टोर परासिया, श्रीवास्तव मेडिकल स्टोर परासिया, आशीर्वाद मेडिकल स्टोर छिंदवाड़ा, न्यू अपना फार्मा छिंदवाड़ा एवं अपना मेडिकल परासिया शामिल है। साथ ही अपना मेडिकल परासिया का लाइसेंस निलंबित किया गया है। इस कोल्ड्रिफ सिरप के अन्य बैच के नमूने भी लिए जाकर औषधि प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं एवं उक्त दवा जिले में प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित की जा चुकी है। साथ ही राज्य स्तरीय टीम के द्वारा सतत् जिले में दवाई दुकानों में जांच का कार्य जारी है।


सीएमएचओ डॉं.गोन्नाडे द्वारा सभी मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि घर-घर भ्रमण के दौरान किसी भी परिवार में उक्त सिरप पाया जाता है तो उसे तत्काल अपने कब्जे में लेकर इसकी सूचना अपने वरिष्ठ कार्यालय में देंगे, ताकि शीघ्रता से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके । साथ ही सीएमएचओ डॉ.गोन्नाडे ने आम नागरिकों, समाजसेवी संगठनों, विभिन्न सामाजिक संगठनों से अपील की है कि उक्त सिरप किसी भी परिवार में उपलब्ध है तो इसका सेवन बिल्कुल ना करें एवं इसकी सूचना तत्काल हमारे निकटतम स्वास्थ्य संस्था के कर्मचारियों, अधिकारियों को दें, ताकि इस सिरप के दुष्परिणामों से बचाए जा सके, क्योंकि यह सिरप सरकार के द्वारा प्रतिबंधित किया जा चुका है। इसलिये मेडिकल स्टोर एवं सभी चिकित्सक से अपील है कि उक्त सिरप को तत्काल स्वास्थ्य विभाग के पास जमा करने में सहयोग करें एवं छोटे बच्चों को किसी भी स्थिति में इस सिरप का सेवन नहीं कराया जाये।
