सहायक आयुक्त सतेंद्र सिंह मरकाम प्राथमिक शाला सर्रापानी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक श्री कुंवरलाल भारती निलंबित
छिंदवाड़ा (चौथा स्तंभ )सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सतेन्द्र सिंह मरकाम द्वारा प्राथमिक शाला सर्रापानी संकुल केन्द्र अतरिया में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक श्री कुंवरलाल भारती को शाला में बिना सूचना के अनुपस्थित रहने व मदिरा का सेवन कर शाला में उपस्थित पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री मरकाम ने बताया कि जिले के विकासखंड हर्रई की प्राथमिक शाला सर्रापानी संकुल केन्द्र अतरिया में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक श्री कुंवरलाल भारती के विरूद्ध सोशल मीडिया पर प्राप्त वीडिओ एवं प्रकाशित समाचार की जांच संकुल प्राचार्य हाईस्कूल अतरिया से कराई गई। संकुल प्राचार्य द्वारा अपने प्रतिवेदन में लेख किया कि प्राथमिक शिक्षक श्री भारती 06 सितंबर 2025 को संस्था से बिना सूचना के अनुपस्थित थे तथा 10 सितंबर 2025 को संस्था में मदिरा का सेवन कर उपस्थित पाये गये। संस्था में बच्चों का शैक्षणिक स्तर अत्यंत कमजो़र पाया गया। प्राथमिक शिक्षक श्री भारती का यह कृत्य पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता को प्रदर्शित करने के साथ ही मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 नियम 3 उपनियम (1) (एक) (दो) (तीन) एवं (तेइस) के विपरीत होकर कदाचरण की श्रेणी में आता है। इसीलिये प्राथमिक शिक्षक श्री भारती को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एंव अपील) नियम 1966 के नियम 9 में दिये गये प्रावधानों के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में प्राथमिक शिक्षक श्री भारती का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी जुन्नारदेव नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार निलंबन भत्ते की पात्रता रहेगी।
