फिक्की राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया छिंदवाड़ा
वॉश ऑन व्हील्स नवाचार से रचा स्वच्छता का इतिहास….
छिन्दवाड़ा(चौथा स्तंभ) स्वच्छता के क्षेत्र में छिंदवाड़ा ने इतिहास रच दिया है। जिला पंचायत छिंदवाड़ा को अपने अभिनव वॉश ऑन व्हील्स नवाचार के लिए देश का सबसे प्रतिष्ठित इंडिया सेनीटेशन कोएलिशन फिक्की राष्ट्रीय पुरस्कार 2025 प्रदान किया गया है। यह सम्मान सतत रखरखाव एवं सामुदायिक प्रबंधन श्रेणी में मिला, जिसने पूरे देश में जिले का नाम रोशन कर दिया है। दिल्ली में आयोजित भव्य कार्यक्रम में यह पुरस्कार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार ने प्राप्त किया है।

छिंदवाड़ा देश का पहला जिला स्तरीय संगठन है, जिसे 2.5 लाख रुपए के कैश प्राइज के साथ राष्ट्रीय गौरव हासिल हुआ है। इस पुरस्कार का विशेष प्रायोजन रेकिट (डेटॉल और हार्पिक निर्माताओं) द्वारा किया गया।फिक्की पुरस्कार के लिए नामांकन के दौरान, 11 जून 2025 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकारी निर्णायक समिति के समक्ष नवाचार की प्रस्तुति दी थी। छिंदवाड़ा के वॉश ऑन व्हील्स नवाचार ने ग्रामीण अंचलों में शौचालयों की सफाई और देखभाल की समस्या का अभिनव समाधान प्रस्तुत किया है। मोबाइल इकाईयों के माध्यम से गांव-गांव जाकर शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया गया, जिससे स्थायी स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता की मिसाल बनी।

उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा जिले के वॉश ऑन व्हील्स नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सराहना मिल रही है और इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है। इस सेवा में संलग्न 45 स्वच्छता साथियों ने अभी तक 40 हजार शौचालय इकाईयों की सफाई कर लगभग 40 लाख रुपए की आय अर्जित की है।
इस नवाचार की उल्लेखनीय उपलब्धियों में यह भी शामिल है कि भोपाल के जंबूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती पर आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इसे खुले मन से सराहा। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को अकॉलैड्स जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिका में भी स्थान मिला है। यह दर्शाता है कि छिंदवाड़ा का यह नवाचार पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है।
निःसंदेह, यह उपलब्धि जिले के स्वच्छता इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

