आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत संकुल प्राचार्यों की बैठक सम्पन्न
छिन्दवाड़ा (चौथा स्तंभ) शासकीय कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा में आज जिले के छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा के संकुल प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 17 सितंबर से शुरू हो चुके एवं 2 अक्टूबर तक चलने वाले आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत संचालित की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई।

बैठक में जिला मास्टर ट्रेनर श्री राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने ग्राम कार्य योजना एवं ग्राम विजन प्लान के बिंदुवार विवरण से प्राचार्यों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ग्राम कार्य योजना को 28 सितंबर तक अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि आगामी 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती पर आयोजित ग्राम सभा में इसे अनुमोदन के लिये प्रस्तुत किया जा सके।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग छिंदवाड़ा श्री सतेंद्र सिंह मरकाम ने कहा कि कार्य योजना बनाते समय ग्राम के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखा जाए। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार की कार्यवाही पर भी जोर दिया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सिकल सेल एनीमिया की जांच अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में छात्रवृत्ति स्वीकृति की कार्यवाही को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों का वन टाइम रजिस्ट्रेशन कर एमपी टास्क के माध्यम से छात्रवृत्ति दिलाने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में सभी क्षेत्र संयोजक, सहायक संचालक, सभी संकुल प्राचार्य एवं एनजीओ प्रतिनिधि उपस्थित थे।

