विद्यार्थी ऊँचाइयों तक पहुँच जाएं, पर गुरुजनों को कभी न भूलें : राकेश सिंह
एफडीडीआई छिंदवाड़ा में सम्पन्न हुआ पहला दीक्षा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह..
प्रभारी मंत्री और सांसद की मौजूदगी में 64 प्रतिभाशाली छात्रों का हुआ सम्मान…
छिन्दवाड़ा( चौथा स्तंभ) प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा की ओर से जिले का पहला दीक्षा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह बुधवार को एफडीडीआई संस्थान इमलीखेड़ा छिन्दवाड़ा के सभागार में बड़े ही गरिमामयी माहौल में सम्पन्न हुआ। प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, संस्कार और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल ज्ञान का मंदिर नहीं होता बल्कि यह अनुशासन का भी आधार है। चाहे विद्यार्थी किसी भी ऊँचाई तक क्यों न पहुँच जाएं, उन्हें अपने गुरुजनों को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज में अध्ययन करना अपने आप में गर्व की बात है।
64 छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान
समारोह के दौरान महाविद्यालय के 64 मेधावी छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आधार पर प्रावीण्य सूची में प्राप्त स्थान के अनुसार सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
